छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले की पुलिस लाइन में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नियमित टेस्ट फायरिंग के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, फायरिंग अभ्यास के दौरान अचानक 3 नॉट 3 रायफल का चैंबर फट गया, जिससे मौके पर मौजूद जवानों में हड़कंप मच गया।
इस घटना में एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। चैंबर फटने से निकले लोहे के टुकड़े पास खड़े जवान की गर्दन में जा घुसे, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। साथी जवानों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।
बताया जा रहा है कि धमतरी में 136 जवान एक महीने की ट्रेनिंग के लिए पहुंचे हुए थे और 4 मई को प्रशिक्षण का आखिरी दिन था। इसी दौरान 10 जवानों के एक समूह में फायरिंग अभ्यास चल रहा था। हादसा तब हुआ जब ग्रुप में तीसरे नंबर पर खड़े चौबेलाल टंडन (निवासी बलोदा बाजार) के पास खड़े जवान की रायफल का चैंबर अचानक फट गया।
घटना के बाद अधिकारियों और अन्य जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, घायल जवान की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हालांकि, एक्स-रे के जरिए यह जांच की जा रही है कि शरीर में कोई धातु का टुकड़ा तो नहीं फंसा है।
प्रशिक्षण प्रभारी एएसआई डी.आर. बांधे ने बताया कि यह लीडरशिप ट्रेनिंग थी, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से जवान शामिल हुए थे। प्रत्येक जवान को 20 राउंड फायर करने थे। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तकनीकी खराबी या अत्यधिक गर्मी को माना जा रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।










