Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- बोर्ड परीक्षा में खराब रिजल्ट पर बड़ी कार्रवाई: 8 प्राचार्य सस्पेंड, 14 की वेतनवृद्धि रोकी

रायपुर/बालोद। दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा में खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों पर अब कार्रवाई शुरू हो गई है। बालोद जिले में परीक्षा परिणाम खराब आने के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 8 प्राचार्यों को निलंबित कर दिया है, जबकि 14 प्राचार्यों की वेतनवृद्धि रोक दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, जिन स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, वहां परीक्षा परिणाम 30 से 47 प्रतिशत तक गिर गया। इनमें कई ऐसे स्कूल भी शामिल हैं, जहां पिछले वर्ष 100 प्रतिशत परिणाम रहा था, लेकिन इस बार केवल 60 प्रतिशत छात्र ही उत्तीर्ण हो सके।

कलेक्टर ने जारी किया आदेश

बालोद कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि संबंधित प्राचार्यों ने परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में उदासीनता और लापरवाही बरती, जिसके कारण परीक्षा परिणाम प्रभावित हुआ। इससे जिले के समग्र रिजल्ट पर भी नकारात्मक असर पड़ा है।

निलंबित प्राचार्यों को संबंधित ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में अटैच किया गया है। गौरतलब है कि जिलेवार परीक्षा परिणाम में बालोद दसवीं कक्षा में 29वें और बारहवीं कक्षा में 30वें स्थान पर रहा।

कार्रवाई का विरोध शुरू

प्राचार्यों पर हुई कार्रवाई का विरोध भी शुरू हो गया है। छत्तीसगढ़ प्राचार्य संघ ने बैठक कर कार्रवाई के मापदंड को गलत और अनुचित बताया है। संघ का कहना है कि जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) की जिम्मेदारी तय करने के बजाय प्राचार्यों पर कार्रवाई की गई है।

शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि कलेक्टर को प्राचार्यों को निलंबित करने का अधिकार नहीं है। उनके अनुसार, कलेक्टर केवल कार्रवाई की अनुशंसा कर सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि सभी कार्रवाई जिला स्तर पर ही होगी, तो डीपीआई और स्कूल शिक्षा विभाग की भूमिका क्या रह जाएगी।

इन जिलों का रिजल्ट रहा कमजोर

दसवीं कक्षा में 70 प्रतिशत से कम परिणाम वाले जिलों में सक्ती (68.78%), बालोद (65.94%), बिलासपुर (65.30%), दुर्ग (63.12%), जांजगीर-चांपा (59.90%) और एमसीबी (59.12%) शामिल हैं।

वहीं बारहवीं कक्षा में जांजगीर-चांपा (65.73%) और एमसीबी (62.40%) का परिणाम 70 प्रतिशत से कम रहा। 80 प्रतिशत से कम परिणाम वाले जिलों में कोण्डागांव, बिलासपुर, बलोदाबाजार, दुर्ग, बालोद और सक्ती शामिल हैं।

Related Posts

बिलासपुर में सरेराह गुंडागर्दी: सिविल लाइन थाने के पास दो गुटों में खूनी संघर्ष, चाकू लेकर दौड़ा बदमाश, VIDEO

बिलासपुर | न्यायधानी बिलासपुर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब…

1 of 319