पखांजूर, 24 जुलाई। कांकेर जिले के पखांजूर में वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 जीवित कछुओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाजार में कछुओं की बिक्री कर रहा था, तभी वन विभाग की उड़नदस्ता टीम ने छापेमारी कर उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार, वन स्तरीय उड़नदस्ता दल ने ग्राम पीवी-124 के साप्ताहिक बाजार में कार्रवाई करते हुए दीपांकर राय (निवासी पीवी-117) को जीवित कछुओं की बिक्री करते हुए गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 11 जीवित कछुए बरामद किए गए।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए सभी कछुओं का कुल वजन करीब 7 किलो 10 ग्राम है। सभी कछुओं को सुरक्षित कब्जे में लेकर आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।
आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। न्यायालय में पेश किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
वन विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई कापसी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत की गई। विभाग ने वन्यजीवों की तस्करी और अवैध व्यापार के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखने की बात कही है।









