धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से विश्वास को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां लोक निर्माण विभाग (PWD) में पदस्थ एक कर्मचारी पर सराफा व्यापारी से करीब 70 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार होने का आरोप लगा है। घटना के बाद व्यापारिक वर्ग में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के सदर बाजार निवासी सराफा व्यापारी जसराज जैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी हेमंत सोनी के परिवार और उनके बीच वर्षों पुराने पारिवारिक संबंध थे। हेमंत के पिता लंबे समय से उनकी दुकान में कार्यरत थे, जिसके चलते दोनों परिवारों के बीच गहरा विश्वास कायम था।
बताया जा रहा है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर हेमंत सोनी का दुकान में आना-जाना बढ़ गया। वह ग्राहकों को आभूषण दिखाने और बिक्री संबंधी कार्यों में सहयोग करने लगा। धीरे-धीरे व्यापारी का विश्वास जीतने के बाद उसे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात सौंपे जाने लगे।
आरोप है कि करीब दो महीने पहले हेमंत सोनी दुकान से लगभग 70 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लेकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। व्यापारी ने जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन बंद मिला। काफी खोजबीन के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर व्यापारी को ठगी का एहसास हुआ।
इसके बाद पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। वहीं, आरोपी के परिजनों ने भी उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।










