सूरजपुर, 24 जुलाई। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के धरमपुर गांव में शुक्रवार सुबह भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हो गई। प्रशासन द्वारा अधिग्रहित भूमि पर कब्जा लेने और सर्वे की कार्रवाई के लिए पहुंचे पुलिस बल का ग्रामीणों ने विरोध किया, जो देखते ही देखते हिंसक रूप ले गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशासन ने कार्रवाई को शांतिपूर्ण ढंग से पूरा करने के उद्देश्य से सुबह भारी पुलिस बल की तैनाती की थी। ग्रामीण पहले से ही भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रहे थे। पुलिस बल के गांव पहुंचते ही तनाव बढ़ गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया।
इस घटना में डीएसपी राजेश जोशी, नंदू रजवाड़े और सुखी चंद्र सहित 24 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं जवान घायल हो गए। भगदड़ के दौरान कई पुलिसकर्मी गिरकर घायल हुए, जबकि कुछ के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।









