रायपुर। प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) ने उपभोक्ताओं को उनके व्हाट्सएप नंबर पर बिजली बिल भेजने की सुविधा शुरू कर दी है। अब मीटर रीडिंग होते ही उपभोक्ताओं को पीडीएफ फॉर्मेट में पूरा बिजली बिल प्राप्त होगा, जिसे वे भविष्य के लिए सुरक्षित भी रख सकेंगे।
बिजली कंपनी यह बिल अपनी आधिकारिक वेरीफाइड (ब्लू टिक) व्हाट्सएप आईडी से भेजेगी। इसके लिए अधिकृत मोबाइल नंबर 9425551912 निर्धारित किया गया है। वर्तमान में प्रदेश में करीब 65 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें से 40 लाख के मोबाइल नंबर कंपनी के पास रजिस्टर्ड हैं। इनमें लगभग 30 लाख व्हाट्सएप यूजर्स को इस सुविधा का सीधा लाभ मिलेगा।
भाषा चयन और आसान भुगतान की सुविधा
सीएसपीडीसीएल के अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उपभोक्ता ‘मोर बिजली एप’ के जरिए हिंदी, अंग्रेजी या छत्तीसगढ़ी भाषा का चयन कर सकते हैं। व्हाट्सएप पर भेजे जाने वाले बिल के साथ एक भुगतान लिंक भी मिलेगा, जिससे उपभोक्ता एक क्लिक में तुरंत बिजली बिल का भुगतान कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अब तक मीटर रीडर द्वारा दी जाने वाली कागजी पर्ची के खोने की आशंका रहती थी, लेकिन पीडीएफ बिल मिलने से उपभोक्ताओं के लिए रिकॉर्ड रखना आसान हो जाएगा।
ऐसे कराएं मोबाइल नंबर रजिस्ट्रेशन
जिन उपभोक्ताओं का मोबाइल नंबर अभी रजिस्टर्ड नहीं है, वे टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर या मोर बिजली एप के जरिए अपना नंबर दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ताओं को अपना 10 अंकों का बीपी नंबर और पिछले भुगतान की जानकारी देनी होगी।
सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि पीडीएफ बिल को कभी भी डाउनलोड और प्रिंट किया जा सकता है, जिससे यह एक सुरक्षित रिकॉर्ड के रूप में भी काम करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि धोखाधड़ी से बचाव के लिए बिल केवल कंपनी की अधिकृत ब्लू टिक व्हाट्सएप आईडी से ही भेजे जाएंगे। उन्होंने उपभोक्ताओं से इस नई डिजिटल सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।









