Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- दिनदहाड़े सनसनीखेज चोरी, दुकान संचालक की आंखों में धूल झोंककर 1.70 लाख पार

सरगुजा (बतौली)। सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र से उठाईगिरी का एक बड़ा मामला सामने आया है। थाना रोड स्थित ‘पतंजलि स्टोर्स’ में दो शातिर चोरों ने सामान खरीदने के बहाने दुकान संचालक को उलझाया और काउंटर में रखे 1 लाख 70 हजार रुपए लेकर चंपत हो गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

बैंक से ही कर रहे थे पीछा

मिली जानकारी के अनुसार, पतंजलि स्टोर्स के संचालक संकटमोचन गुप्ता बुधवार सुबह करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की बतौली शाखा से 1 लाख 70 हजार रुपए निकालकर अपनी दुकान पहुंचे थे। उन्होंने रुपयों की गड्डी काउंटर के भीतर रखी, जिसे वहां मौजूद दो संदिग्ध युवकों ने देख लिया। माना जा रहा है कि ये चोर बैंक से ही संचालक की रेकी कर रहे थे।

अचार का डिब्बा मांगने के बहाने दिया वारदात को अंजाम

चोरों ने बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पहले दोनों युवक दुकान में घुसे और सरसों तेल खरीदकर बाहर निकल गए। शायद उस वक्त उन्हें पैसे निकालने का मौका नहीं मिला। कुछ ही देर बाद वे दोबारा दुकान में आए और संचालक से अचार का डिब्बा मांगने लगे। जैसे ही संचालक संकटमोचन गुप्ता अचार लेने के लिए दुकान के पिछले रैक की ओर मुड़े, सफेद शर्ट पहने युवक ने फुर्ती से काउंटर खोला और रुपयों की गड्डी निकालकर बाहर निकल गया। उसका साथी भी तुरंत पीछे-पीछे निकला और दोनों बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

10 मिनट बाद खुला राज

जब संचालक ने किसी भुगतान के लिए 10 मिनट बाद काउंटर खोला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। काउंटर से पैसे गायब थे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर पता चला कि सामान खरीदने आए युवक ही दिनदहाड़े लाखों रुपए पार कर ले गए हैं।

बिना नंबर की बाइक और नकाब का सहारा

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों का हुलिया सामने आया है। चोर बिना नंबर वाली सोल्ड होंडा शाइन बाइक पर सवार थे। एक युवक ने चेक शर्ट, काला चश्मा और काला मास्क पहन रखा था। दूसरे युवक ने सफेद शर्ट पहनी थी।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बतौली पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी विवेक सेंगर ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों के भागने के रूट की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Posts

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब…

1 of 455