Trendingदेशबड़ी खबर

बेटा बना शैतान, डेढ़ लाख में करैत सांप खरीद, सोते हुए पिता को डसवाया, सामने आई ये वजह

तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न सिर्फ पुलिस बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। यहां दो बेटों ने मिलकर अपने ही पिता की हत्या की साजिश रची। वजह थी करीब तीन करोड़ रुपये की बीमा राशि और अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करना। हत्या को हादसा दिखाने के लिए उन्होंने एक बेहद खौफनाक तरीका चुना।

क्या है पूरा मामला

तिरुवल्लूर जिले के तिरुथानी के पास स्थित पोडाटुरपेट टाउन पंचायत के निवासी गणेशन (56) स्थानीय सरकारी स्कूल में लैब असिस्टेंट के पद पर कार्यरत थे। उनके दो बेटे थे, मोहनराज और हरिहरन। पिछले साल अक्टूबर में दोनों बेटों ने पुलिस को सूचना दी कि घर में सोते समय सांप के काटने से गणेशन की मौत हो गई।

ऐसे हुआ शक

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि गणेशन के नाम पर कुल 11 बीमा पॉलिसियां थीं, जिनमें से 4 पॉलिसियां खुद गणेशन ने ली थीं, जबकि बाकी हाल के समय में ली गई थीं। इतनी अधिक पॉलिसियों ने पुलिस को चौंका दिया।

इसी बीच एक बीमा कंपनी ने नॉर्थ ज़ोन की आईजी असरा गर्ग को शिकायत भेजी। कंपनी ने बताया कि गणेशन की मौत को लेकर दोनों बेटे अलग-अलग बयान दे रहे हैं। इससे पुलिस का शक और गहरा हो गया।

SIT का गठन और कबूलनामा

मामले की गंभीरता को देखते हुए गुम्मिदीपोंडी की डीएसपी जयश्री के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया। शुरुआत में दोनों बेटे खुद को निर्दोष बताते रहे, लेकिन सख्त पूछताछ के दौरान वे टूट गए और जुर्म कबूल कर लिया।

हत्या की वजह

पूछताछ में सामने आया कि दोनों बेटों की नजर अपने पिता के नाम पर मिलने वाली करीब 3 करोड़ रुपये की बीमा राशि पर थी। इसके साथ ही वे पिता की मौत के बाद अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी भी पाना चाहते थे। इस साजिश में उन्होंने अपने दोस्तों—बालाजी, प्रशांत, नवीन कुमार और दिनाकरण को भी शामिल किया।

कैसे दिया वारदात को अंजाम

तिरुवल्लूर के पुलिस अधीक्षक विवेकानंद शुक्ला के अनुसार, हत्या से एक हफ्ते पहले भी बेटों ने सांप के जरिए पिता को मारने की कोशिश की थी, लेकिन तब सांप काट नहीं पाया। इसके बाद उन्होंने 1.5 लाख रुपये में करीब 3 फुट लंबा करैत सांप खरीदा। रात के समय उसी सांप से पिता को कटवाया गया ताकि मौत हादसे जैसी लगे। शक से बचने के लिए उन्होंने वारदात के बाद सांप को भी मार डाला। आरोपियों में से एक व्यक्ति सांप पकड़ने में माहिर था, जिसकी मदद से यह योजना पूरी की गई।

गिरफ्तारी और बरामदगी

पुलिस ने इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से एक लग्जरी कार, छह मोबाइल फोन
बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Related Posts

किसानों के लिए बड़ी राहत: छत्तीसगढ़ में यूरिया वितरण की 80% वाली सीमा खत्म; अब खरीफ 2025 के बराबर मिलेगा पूरा खाद

छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की खेती के बीच किसानों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने…

1 of 401