उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर के अफजलगढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सूर्या चौहान हत्याकांड पर बोलते हुए कहा कि धर्म की स्थापना के लिए सुदर्शन चक्र जरूरी है. तभी ये देश सुरक्षित रहेगा. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सूर्या को दोस्ती के नाम पर धोखा दिया गया. बकरीद पर उसके साथ गलत हरकत की गई, जिसके बाद पुलिस ने अपना काम किया.
योगी ने कहा कि दोस्ती की आड़ मे छुरेबाजी स्वीकार्य नहीं है. कोई अपनी नालायक ‘औलाद’ को समझा नही पा रहा तो समझो गलती कर रहा है. ये उसकी सबसे बड़ी चूक है और उसे सजा मिलेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की संवेदनाएं हमेशा सामान्य और कानून का पालन करने वाले नागरिकों के साथ हैं. अगर कोई कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा.
पाकिस्तान से आए 1645 परिवारों को जमीनों पर दिया कब्जा
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पाकिस्तान से विस्थापित परिवारों, पूर्व सैनिकों और पट्टेदारों को भूमि स्वामित्व अधिकार प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने पाकिस्तान से विस्थापित 1645 परिवारों एवं पूर्व सैनिकों/लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र बांटे. इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पाकिस्तान से आए हुए जिन परिवारों की पुश्तैनी संपत्तियों पर कब्जा किया गया था, दशको बाद भी उन्हें न्याय नहीं मिला. चौथी पीढ़ी में हमने उन विस्थापित परिवारों को उनकी जमीनों का मालिकाना हक दिया है. इनकी संख्या 1645 है यानी कुल मिलाकर 8 से 10 हजार लोगों को आज ये कागजात प्राप्त हो रहे हैं. प्रदेश सरकार ने इन परिवारों को उनका हक दिया.










