Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS- PPT परीक्षा में ‘वक्त’ की मार, 1 मिनट की देरी और साल बर्बाद; गेट पर फफक पड़े छात्र

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में आयोजित PPT-2026 परीक्षा उस वक्त विवादों के घेरे में आ गई, जब ‘नियमों की सख्ती’ छात्रों के भविष्य पर भारी पड़ गई। भक्त माता कर्मा कन्या महाविद्यालय परीक्षा केंद्र में महज 1 से 5 मिनट की देरी से पहुंचे दर्जनभर से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रवेश नहीं दिया गया। दूर-दराज के इलाकों से आए छात्र केंद्र के बाहर मिन्नतें करते रहे, लेकिन नियमों का हवाला देकर गेट नहीं खोला गया।

9:30 का समय और 9:31 पर ‘नो एंट्री’

परीक्षा के लिए प्रवेश का अंतिम समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित था। केंद्र के बाहर मौजूद छात्रों का आरोप है कि वे 9:31 से 9:35 के बीच पहुंच गए थे, लेकिन अधिकारियों ने किसी भी प्रकार की मानवीय छूट देने से साफ इनकार कर दिया। इसमें कई छात्र कांकेर के भानुप्रतापपुर जैसे दुर्गम और दूरस्थ इलाकों से आए थे, जिन्हें बस या परिवहन की देरी के कारण पहुंचने में कुछ मिनटों का विलंब हुआ।

भविष्य पर संकट: छात्रों ने लगाया संवेदनहीनता का आरोप

परीक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं ने रुआंसे स्वर में बताया कि उन्होंने इस परीक्षा के लिए महीनों मेहनत की थी। छात्रों का कहना है कि प्रशासन ने उनकी परिस्थितियों को समझने के बजाय कठोर रवैया अपनाया। “सिर्फ एक मिनट की देरी के लिए हमारा पूरा साल बर्बाद कर दिया गया, यह कैसा नियम है?” – यह सवाल केंद्र के बाहर खड़े हर छात्र और उनके परिजनों के मन में था।

प्रशासनिक दखल: जांच का दिया भरोसा

मामला गर्माता देख अपर कलेक्टर और परीक्षा नोडल अधिकारी लकरा स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने नाराज छात्रों और उनके परिजनों से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। प्रशासन ने छात्रों से लिखित आवेदन लिए हैं और आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।

क्या मिलेगा न्याय?

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इन वंचित छात्रों के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था या विशेष परीक्षा का आयोजन करेगा? परिजनों ने मांग की है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए छात्रों को दोबारा मौका दिया जाए ताकि उनका एक साल खराब होने से बच सके।

Related Posts

इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा से पहले पेपर लीक! BSc सेकंड ईयर का एंटोमोलॉजी प्रश्नपत्र WhatsApp पर वायरल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में…

1 of 456