Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

मानसून की आहट के साथ बदला मौसम, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश; 12 जून तक अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सोमवार शाम तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेशभर में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है।

सोमवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और रायपुर में तेज हवाओं के साथ करीब 10 से 15 मिनट तक बारिश हुई। बारिश के चलते तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। दुर्ग, बिलासपुर सहित अन्य जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार 12 जून तक प्रदेश के सभी जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम की गतिविधियां अपेक्षाकृत अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो अगले चार से पांच दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में प्रवेश कर सकता है।

राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से ही मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे थे। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन बाद में निकली तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ है। हालांकि आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय स्तर पर मौसम सुहावना बना रह सकता है।

मानसून की बढ़ती सक्रियता से किसानों में भी उम्मीद जगी है। खरीफ फसल की तैयारी कर रहे किसान अब मानसून के आगमन का इंतजार कर रहे हैं। वहीं आम लोगों को उम्मीद है कि नियमित बारिश शुरू होने के बाद भीषण गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिलेगी।

Related Posts

जंगल में मिट्टी के अंदर दफन मिली युवक की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज…

CG NEWS: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से की माता-पिता की हत्या, शवों को बोरी में भरकर ठिकाने लगाने की थी तैयारी

अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले…

1 of 455