Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बस्तर में उगा दुनिया का सबसे महंगा आम! | कीमत ₹3 लाख प्रति किलो

जगदलपुर। कभी नक्सलवाद और हिंसा के लिए चर्चित रहा बस्तर अब अपनी नई पहचान गढ़ रहा है। यहां की मिट्टी में अब बारूद की नहीं, बल्कि दुनिया के सबसे महंगे आमों में शामिल मियाजाकी आम की खुशबू फैल रही है। बस्तर के एक किसान की मेहनत ने यह साबित कर दिया है कि क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी उच्च मूल्य वाली बागवानी फसलों के लिए भी बेहद उपयुक्त है।

बस्तर के प्रसिद्ध ‘ट्री मैन’ संपत झा ने अपने बगीचे में जापान की दुर्लभ और महंगी प्रजाति के मियाजाकी आम की सफल पैदावार की है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्ष पहले राजमहेंद्रवरम (राजमुंदरी) से भारी कीमत पर मियाजाकी आम का पौधा लाकर अपने बगीचे में लगाया था। उस समय कई लोगों ने इसे सिर्फ एक प्रयोग माना था, लेकिन करीब तीन से चार वर्षों की मेहनत और विशेष देखभाल के बाद पौधे में फल आना शुरू हो गया है।

संपत झा का कहना है कि मियाजाकी आम की खेती में सामान्य आमों की तुलना में अधिक तकनीकी जानकारी और विशेष देखरेख की आवश्यकता होती है। हालांकि, इसकी बाजार कीमत और मांग को देखते हुए यह किसानों के लिए अतिरिक्त आय का बड़ा स्रोत बन सकता है।

उन्होंने बताया कि बस्तर की जलवायु, उपजाऊ मिट्टी और पर्याप्त वर्षा इस प्रजाति की खेती के लिए अनुकूल साबित हो सकती है। यदि बड़े पैमाने पर इसका उत्पादन सफल होता है तो क्षेत्र के किसान पारंपरिक खेती के साथ-साथ इस प्रीमियम फल से भी बेहतर आमदनी हासिल कर सकेंगे।

क्या है मियाजाकी आम की खासियत?

मियाजाकी आम की उत्पत्ति जापान के मियाजाकी प्रांत में हुई है, जिसके नाम पर ही इसका नाम रखा गया। यह आम अपने आकर्षक गहरे लाल रंग, बेहद मीठे स्वाद और उच्च पोषण गुणों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इसका वजन सामान्यतः 350 ग्राम से लेकर 900 ग्राम तक होता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, मियाजाकी आम में सामान्य आमों की तुलना में अधिक शर्करा पाई जाती है, जिससे इसका स्वाद बेहद मीठा होता है। इसके अलावा इसमें एंटीऑक्सीडेंट, बीटा-कैरोटीन और फोलिक एसिड जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी भरपूर मात्रा में मौजूद रहते हैं।

बाजार में इसकी कीमत गुणवत्ता और उपलब्धता के आधार पर लाखों रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकती है। यही वजह है कि इसे दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है।

बस्तर में मियाजाकी आम की सफल पैदावार क्षेत्र के किसानों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोल सकती है और कृषि क्षेत्र में एक नई क्रांति की शुरुआत मानी जा रही है।

Related Posts

जंगल में मिट्टी के अंदर दफन मिली युवक की सड़ी-गली लाश, हत्या की आशंका; जांच में जुटी पुलिस और FSL टीम

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के मोहरसोप चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज…

1 of 455