आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम के स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हुआ है, जिसमें आठ श्रमिकों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. यह घटना एसएमएस-2 और एसटीसी-3 हीट सुविधा में उस समय हुई जब अत्यधिक उच्च तापमान वाले पिघले हुए स्टील से भरा एक लैडल अचानक फट गया.
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना की सूचना मिलते ही स्टील प्लांट के अधिकारी और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंच गए और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी.
विशाखापत्तनम स्टील प्लांट सर्किल इंस्पेक्टर केशव राव के अनुसार, स्थिति को नियंत्रण में लेने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है.










