Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ में RTE के तहत निजी स्कूलों में 14,403 बच्चों का चयन, मुख्यमंत्री कक्ष से ऑनलाइन लॉटरी जारी

रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आज 15 अप्रैल 2026 को शिक्षा के अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत निजी विद्यालयों में प्रवेश हेतु प्राप्त आवेदनों की चयन सूची ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से जारी की गई। यह प्रक्रिया मंत्रालय महानदी भवन स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में संपन्न हुई, जहां मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री की उपस्थिति में पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराया गया।

इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव श्री सिद्धार्थ कोमल परदेशी, उपसंचालक लोक शिक्षण श्री अशोक नारायण बंजारा, आरटीई प्रभारी श्री महेश नायक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

21,975 सीटों पर 38,439 आवेदन, 14,403 विद्यार्थियों का चयन

इस वर्ष आरटीई के अंतर्गत कुल 21,975 सीटों के लिए 38,439 आवेदन प्राप्त हुए। जांच के बाद 27,203 आवेदन पात्र और 11,236 आवेदन अपात्र पाए गए। पात्र आवेदनों में से 14,403 विद्यार्थियों का चयन ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से किया गया है।

यह चयन संख्या मुख्यमंत्री डीएवी विद्यालयों की आरटीई सीटों को शामिल किए बिना है। इन विद्यालयों में जिला स्तर पर अलग से ऑफलाइन लॉटरी आयोजित की जाएगी और परिणाम आरटीई पोर्टल पर अपडेट किए जाएंगे।

जिलेवार चयनित विद्यार्थियों की सूची

जिलेवार परिणामों में रायपुर में 2606, बिलासपुर में 1509, दुर्ग में 1059, बलौदाबाजार-भाटापारा में 457, रायगढ़ में 544, कोरबा में 534, जांजगीर-चांपा में 500, बलरामपुर में 798, मुंगेली में 702, जशपुर में 543, कांकेर में 471, सूरजपुर में 427, सरगुजा में 273, धमतरी में 354, बालोद में 353, बेमेतरा में 315, कवर्धा में 367, महासमुंद में 244, गरियाबंद में 193, कोरिया में 179, बस्तर में 135, कोंडागांव में 101, नारायणपुर में 35, दंतेवाड़ा में 35, सुकमा में 9, बीजापुर में 14 सहित अन्य जिलों में चयन हुआ है।

पारदर्शी प्रक्रिया के तहत हुआ चयन

शिक्षा विभाग के अनुसार, यह पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और ऑनलाइन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई निजी स्कूलों में सीटें खाली रहने का प्रमुख कारण यह है कि कई स्कूल आवेदकों की प्राथमिकता सूची में नहीं आते, जिससे वहां आवेदन कम या नहीं पहुंचते। वहीं, जिन स्कूलों को उच्च प्राथमिकता मिलती है, वहां सीटें जल्दी भर जाती हैं।

शेष सीटों के लिए आगे की प्रक्रिया

राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि आरटीई प्रवेश प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। शेष रिक्त सीटों के लिए ऑफलाइन लॉटरी और अन्य चरणों की जानकारी आरटीई पोर्टल पर जल्द जारी की जाएगी।

शासन ने कहा कि पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और प्रणाली को पारदर्शी बनाए रखना है।

Related Posts

1 of 277