सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता लिमिटेड के थर्मल पावर प्लांट में हुए भीषण हादसे का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसने एक बार फिर पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक घटना में अब तक 24 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 से अधिक घायल श्रमिकों का इलाज अभी भी जारी है।
मौत का आंकड़ा बढ़ा, कई की हालत गंभीर
सक्ती जिले के सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुए इस हादसे के बाद लगातार मृतकों की संख्या बढ़ती जा रही है। इलाज के दौरान रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती एक और श्रमिक ने दम तोड़ दिया। वहीं रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती श्रमिक सुब्रोतो जेना की भी मौत हो गई।
अन्य घायल मजदूरों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है, जिनमें कई की हालत गंभीर बनी हुई है।
14 अप्रैल को हुआ था भीषण विस्फोट
गौरतलब है कि 14 अप्रैल को सक्ती जिले के डभरा ब्लॉक अंतर्गत सिंघीतराई में संचालित इस प्लांट में दोपहर करीब 3 बजे बड़ा हादसा हुआ था। बॉयलर के प्रेशर पाइप के अचानक फटने से करीब 600 डिग्री सेल्सियस तापमान का खौलता पानी और भाप पूरे इलाके में फैल गई।
मौके पर मची अफरातफरी
इस हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरातफरी मच गई। तेज गर्म भाप और उबलते पानी की चपेट में आने से कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें से कई की मौके पर ही मौत हो गई।









