कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोल और ऊर्जा नगरी कोरबा के इंडस्ट्रियल एरिया में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में बॉयलर टैंक अचानक फट गया, जिससे गर्म केमिकल बाहर बहने लगा। घटना से फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि कर्मचारी बाल-बाल बच गए।
दमकल ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग और SECL के दमकल वाहन मौके पर पहुंचे। फायर टीम ने दो टैंकर पानी और फोम की मदद से फैल रहे गर्म केमिकल पर काबू पाया।
फायर कर्मी धर्मेंद्र कुमार पटेल के अनुसार, सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इंडस्ट्रियल एरिया में चल रही थी फैक्ट्री
बताया जा रहा है कि इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित इस कार्बन फैक्ट्री में कार्बन निर्माण का काम होता है। यहां बाहर से लाए गए लिक्विड को टैंकों में स्टोर कर प्रोसेसिंग की जाती है।
नियमों की अनदेखी के आरोप
स्थानीय सूत्रों के अनुसार फैक्ट्री में औद्योगिक सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही थी। फैक्ट्री के बाहर न तो कोई स्पष्ट बोर्ड लगा था और न ही संचालन से जुड़ी जानकारी प्रदर्शित की गई थी। इससे विभागीय निगरानी पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
बड़ा हादसा टला, जांच की मांग
गनीमत रही कि समय रहते आग और गर्म केमिकल पर काबू पा लिया गया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुट गया है और फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।










