रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों, खासकर बस्तर संभाग के जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में तेज आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
इन जिलों में दिखेगा असर
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बस्तर संभाग के जिलों में कुदरत का दोहरा असर देखने को मिल सकता है। यहाँ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इन जिलों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग की एडवायजरी
लगातार जारी हो रहे अलर्ट के बीच मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
“खराब मौसम के दौरान लोग खुले स्थानों, पुराने पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे शरण न लें। तेज हवाओं के कारण कच्चे मकानों और पेड़ों के गिरने की आशंका रहती है।”
6 मई की सुबह तक प्रभावी रहा अलर्ट
विभाग द्वारा जारी पहला अलर्ट बुधवार सुबह 4 बजे तक प्रभावी था, जिसके तुरंत बाद बीजापुर जिले के लिए सुबह 7 बजे तक नया येलो अलर्ट जारी किया गया। विशेषज्ञों का मानना है कि अरब सागर से आ रही नमी और स्थानीय द्रोणिका के प्रभाव से दक्षिणी छत्तीसगढ़ के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।










