रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आईपीएल का खुमार सिर चढ़कर बोलने लगा है। बुधवार दोपहर करीब 4 बजे मुंबई इंडियंस की टीम विशेष विमान से स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंची। 10 मई को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से होगा।
रोहित शर्मा पहुंचे, ‘कोर टीम’ का इंतजार
एयरपोर्ट से बाहर निकलते ही पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का फैंस ने जोरदार स्वागत किया। हालांकि, टीम के साथ फिलहाल चार बड़े सितारे नजर नहीं आए। कप्तान हार्दिक पांड्या, स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, ‘मिस्टर 360’ सूर्यकुमार यादव और युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा अभी रायपुर नहीं पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि मैच में अभी चार दिन का वक्त है, इसलिए ये खिलाड़ी गुरुवार तक रायपुर पहुंचेंगे।
एयरपोर्ट पर फैंस का भारी हुजूम
अपने चहेते क्रिकेटर्स की एक झलक पाने के लिए एयरपोर्ट के बाहर घंटों पहले से ही फैंस की भारी भीड़ जमा थी। जैसे ही खिलाड़ी लग्जरी बस में सवार होकर नवा रायपुर स्थित ‘मेफेयर होटल’ के लिए रवाना हुए, फैंस ने ‘मुंबई-मुंबई’ के नारों से आसमान गुंजा दिया।
पॉइंट्स टेबल का हाल: संकट में मुंबई, शिखर पर पंजाब
आईपीएल 2026 की जंग अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। वर्तमान स्थिति पर नजर डालें तो:
- मुंबई इंडियंस: 9वें स्थान पर संघर्ष कर रही है, आरसीबी के खिलाफ जीत इनके लिए बेहद जरूरी है।
- पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (सरपंच) की कप्तानी में 13 अंकों के साथ टॉप पर बनी हुई है।
- RCB: रजत पाटीदार के नेतृत्व में 12 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर है।
- हैदराबाद और राजस्थान: भी 12-12 अंकों के साथ क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर मजबूती से टिकी हुई हैं।
- लखनऊ: खराब प्रदर्शन की वजह से सबसे आखिरी (10वें) पायदान पर है।
10 मई को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला यह मुकाबला दोनों ही टीमों के लिए प्ले-ऑफ की रेस में बने रहने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है।









