बालोद।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में 21 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार सवार परिवार के 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
बुआ की शादी में शामिल होने आई थी मृतका, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मिली जानकारी के अनुसार, डौंडी नगर पंचायत के बंधियापारा निवासी रंजीत सिंह पाटिल अपने परिवार के साथ ग्राम चिपरा में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी की खुशियां मनाकर जब परिवार कार से वापस लौट रहा था, तभी दल्लीराजहरा के हिंदू होटल के पास यह भयानक हादसा हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाली 21 वर्षीय शारदा पाटिल बिलासपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही थीं। वह अपनी बुआ की शादी में शामिल होने के लिए ही घर आई हुई थीं, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
टक्कर इतनी तेज कि उड़ गए कार के परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक वाहन पर से चालक का नियंत्रण छूट गया और कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद दल्लीराजहरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक दृष्ट्या हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है, जिसके बाद दुर्घटना के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।









