बिलासपुर।
न्यायधानी बिलासपुर के तारबाहर थाना क्षेत्र स्थित विद्या नगर के ‘पूजा अपार्टमेंट’ से चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात बेखौफ चोरों ने एक बंद फ्लैट को निशाना बनाते हुए अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब 14 तोले सोने के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गए। पार किए गए जेवरों की अनुमानित कीमत लगभग 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस और फॉरेंसिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। मामले में घर में काम करने वाली घरेलू सहायिका (कामवाली) पर चोरी का संदेह जताया गया है, जिससे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोचिंग संचालक के फ्लैट को बनाया निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, घटना विद्या नगर गली नंबर-5 (जैन मंदिर के पास) स्थित पूजा अपार्टमेंट की है। यहाँ चौथी मंजिल के फ्लैट नंबर-401 में तेलीपारा स्थित टीचर कोचिंग से जुड़े 33 वर्षीय अभय अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ किराए पर रहते हैं।
पीड़ित अभय अग्रवाल ने जब 20 जुलाई को अलमारी की जांच की, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे सोने के महंगे गहने गायब थे। चोरी गए सामानों में शामिल हैं:
- सोने का नेकलेस और चेन
- सोने की चूड़ियां और अंगूठियां
- इयररिंग्स (झुमके) और 4 अदद पेंडेंट(कुल वजन लगभग 14 तोला, अनुमानित कीमत ₹9 लाख)
फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा, CCTV खंगाले जा रहे
अलमारी खाली पाकर पीड़ित ने तत्काल तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही तारबाहर थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने फ्लैट का बारीकी से निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट्स और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
सिटी ASP पंकज पटेल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपार्टमेंट और आसपास की गलियों में लगे CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके। साथ ही संदेही घरेलू सहायिका से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।









