बलौदाबाजार। जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम पुराना खरवे में हुए चर्चित कथित जहरीली शराब हत्याकांड को लेकर मंगलवार को मृतकों के परिजन और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधीक्षक गौरव राय को आवेदन सौंपते हुए मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि 6 फरवरी 2026 से 14 मई 2026 के बीच गांव के कई लोगों को कथित रूप से साजिश के तहत शराब में सुहागा नामक जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार इस घटना में बड़ी पटेल, बुधलू साहू, छत्तूराम साहू, बुधराम जायसवाल, विनोद साहू, गजनंद मांझी, चेतूराम साहू और महेतरू सहित कुल आठ लोगों की जान गई।
परिजनों ने शराब पिलाकर मारने का लगाया आरोप
परिजनों का आरोप है कि अब तक इस मामले में केवल रामसहाय जायसवाल उर्फ डोकरा की गिरफ्तारी हुई है, जबकि देवनारायण जायसवाल, मोहन जायसवाल समेत अन्य लोगों की भी कथित संलिप्तता रही है। उनका कहना है कि सभी मृतकों को सुनियोजित तरीके से जहरीला पदार्थ मिलाकर शराब पिलाई गई थी।
आवेदन में शराब पिलाकर मारने का किया दावा
आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि मृतक बुधराम जायसवाल ने मृत्यु से पहले अपने परिजनों और गांव की महिलाओं को बताया था कि उसे देवनारायण जायसवाल ने शराब दी थी। वहीं, मृतक गजनंद मांझी के संबंध में आरोप लगाया गया है कि आरोपी मोहन जायसवाल उसके घर पहुंचा और रामसहाय जायसवाल द्वारा दी गई शराब उसे पिलाई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
मृतकों के परिजनों का कहना है कि मामले को 45 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन जांच अभी तक सभी कथित आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
एसपी बोले- जांच जारी, रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि मृतकों के परिजनों एवं ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त हुआ है। आवेदन में लगाए गए सभी आरोपों की विधिवत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की विवेचना जारी है और मेडिकल व फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट आने के बाद जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।








