बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक बार फिर वन्यजीव की मौजूदगी ने लोगों का ध्यान खींचा है। नेशनल पार्क क्षेत्र में बाघों से जुड़ी घटनाओं के बीच अब कुटरू–मंगापेटा मार्ग पर एक तेंदुआ सड़क पर घूमता दिखाई दिया। इसका वीडियो जिला अस्पताल की 108 एंबुलेंस के चालक संदीप तोड़से और ईएमटी रविंद्र कुमार ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया है।
जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस चालक मरीज को लेकर अस्पताल जा रहे थे, तभी अचानक तेंदुआ सड़क पर आ गया। तेंदुआ करीब 20 मिनट तक सड़क किनारे मौजूद रहा, जिसके कारण कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
मौके पर मौजूद लोगों ने सावधानी बरतते हुए तेंदुए से दूरी बनाए रखी और उसके जंगल की ओर लौटने का इंतजार किया। इसके बाद रास्ते पर आवागमन सामान्य हुआ।
तेंदुए का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है। लगातार वन्यजीवों की गतिविधियां सामने आने से स्थानीय लोगों में सतर्कता बढ़ गई है। वन्यजीव विशेषज्ञों ने जंगल से लगे क्षेत्रों में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।









