बलरामपुर। जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजपुर-कुसमी मुख्य मार्ग पर सेवारी हायर सेकेंडरी स्कूल के पास हुआ, जहां बॉक्साइट लोड ट्रक और मजदूरों से भरी पिकअप की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि पिकअप के उड़े परखच्चे
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में चालक समेत कुल 11 मजदूर सवार थे। सभी प्रतापपुर क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और काम के सिलसिले में शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे।
रात करीब दो बजे सेवारी स्कूल के पास तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने सामने से आ रही पिकअप को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ मजदूर उछलकर सड़क पर जा गिरे, जबकि कुछ वाहन में ही दब गए।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार बताई जा रही है।
सात घायलों की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी सात घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया।
वहीं, हादसे में जान गंवाने वाले तीन मजदूरों के शव राजपुर अस्पताल में रखे गए हैं। पुलिस के मुताबिक मृतकों के नाम और पते की स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
दोनों वाहन जब्त, जांच जारी
पुलिस ने ट्रक और पिकअप दोनों को जब्त कर लिया है। मामले में केस दर्ज कर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और तेज रफ्तार के अलावा कोई अन्य कारण तो हादसे की वजह नहीं बना।










