मुंगेली। जिले के पंडरभट्ठा गांव में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से 46 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान गीता बाई पटेल के रूप में हुई है। हादसे का पूरा घटनाक्रम पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
खेत से काम कर लौट रही थीं घर
जानकारी के मुताबिक गीता बाई पटेल खेत में काम करने गई थीं। काम पूरा करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थीं। इस दौरान उनके सिर पर बर्तन भी रखा हुआ था। दोपहर करीब 12 बजे पंडरभट्ठा मुख्य मार्ग पर अचानक मौसम बदला और आसमान में बादल छा गए।
इसी बीच तेज गर्जना के साथ अचानक आकाशीय बिजली गीता बाई पर गिर गई। बिजली की चपेट में आते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं।
CCTV में कैद हुआ पूरा मंजर
हादसा इतना अचानक हुआ कि महिला को संभलने तक का मौका नहीं मिला। CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आकाशीय बिजली गिरने के कुछ ही सेकेंड बाद महिला सड़क पर गिर जाती हैं।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल गीता बाई को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अचानक बदले मौसम से बढ़ा खतरा
घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में आकाशीय बिजली के खतरे को सामने ला दिया है। ग्रामीण इलाकों में खेतों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों के लिए अचानक मौसम बदलना बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।










