Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर में कांग्रेस नेता पर 5 लाख की सुपारी से हमला, सगा भतीजा निकला मास्टरमाइंड

बिलासपुर। शहर में कांग्रेस नेता पर हुए जानलेवा हमले की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, 5 लाख रुपये की सुपारी देकर हमला कराया गया था और इसके पीछे कोई और नहीं, बल्कि कांग्रेस नेता का सगा भतीजा था। मामला सिरगिट्टी की करीब 3 एकड़ जमीन को लेकर पिछले 10 साल से चले आ रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, जुलाई महीने में तेलीपारा निवासी कांग्रेस नेता श्याम कश्यप सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए रेलवे स्टेशन की ओर गए थे। रेलवे अस्पताल के पास बाइक सवार तीन लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से उन पर जानलेवा हमला किया। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए रायपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

घटना के बाद पुलिस ने गौरेला के एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

बैंक खातों की जांच से खुला सुपारी का राज
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के बैंक खातों और लेन-देन की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस को उन लोगों तक पहुंचने का सुराग मिला, जिन्होंने कथित तौर पर हमले के लिए सुपारी दी थी।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने 23 अगस्त को नवीन पटेल को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक नवीन ने कांग्रेस नेता पर हमला कराने के लिए सुपारी देने की बात स्वीकार की।

10 साल पुराने जमीन विवाद में रची गई साजिश
पुलिस के मुताबिक नवीन पटेल और श्याम कश्यप के बीच रिश्तेदारी है और दोनों के बीच सिरगिट्टी की करीब 3 एकड़ जमीन को लेकर पिछले 10 वर्षों से विवाद चल रहा है। जमीन का मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन बताया गया है।

इसी विवाद को लेकर नवीन ने कथित तौर पर श्याम कश्यप को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

दोस्त को दी 5 लाख रुपये की सुपारी
पुलिस जांच के अनुसार नवीन पटेल की गौरेला निवासी दीपक तिवारी से दोस्ती थी। दीपक का तेलीपारा आना-जाना भी था। नवीन ने कथित तौर पर उसे अपने फूफा श्याम कश्यप से चल रहे जमीन विवाद के बारे में बताया और उनकी हत्या कराने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी।

इसके बाद कथित तौर पर सुपारी लेकर हमले की योजना बनाई गई।

सुपारी लेने वाला आरोपी अभी फरार
पुलिस ने सुपारी देने के आरोप में नवीन पटेल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दीपक तिवारी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

वहीं, हमले के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर काछी समाज के लोगों ने एसएसपी रजनेश सिंह को ज्ञापन भी सौंपा था।

फिलहाल पुलिस मामले में लेन-देन, हमले की पूरी साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Posts

छत्तीसगढ़ में सरकारी भर्ती नियमों में बड़ा बदलाव, 100 से ज्यादा नए पद शामिल; योग्यता और परीक्षा पैटर्न भी तय

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होने वाली सरकारी…

छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा की हुंकार: जंगलों में खत्म किया अब ‘दिमाग’ से भी निकालेंगे माओवाद

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग प्रवास के…

1 of 459