राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को बम होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। प्लेटफार्म नंबर-2 पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की खबर फैलते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और तत्काल जांच शुरू कर दी गई।
प्लेटफार्म नंबर-2 पर रोकी गई ट्रेन, 45 मिनट तक चली जांच
जानकारी के मुताबिक, बम होने की सूचना मिलने के बाद यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस को राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 पर ही रोक दिया गया। करीब 45 मिनट तक ट्रेन स्टेशन पर खड़ी रही।
मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिसके जरिए ट्रेन और आसपास के क्षेत्रों की जांच की गई।
एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया
इस पूरे मामले में पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने कब्जे में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, ट्रेन में बम होने की सूचना की फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं
घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां सूचना के स्रोत और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही हैं।
फिलहाल बम मिलने की कोई पुष्टि सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सूचना के पीछे क्या वजह थी और हिरासत में लिए गए व्यक्ति की क्या भूमिका है।










