Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी सौगात: धान के बदले दूसरी फसल लेने पर मिलेंगे 15 हजार रुपए प्रति एकड़, धान पर 13,839 रुपए की सहायता

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने और खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए राज्य सरकार ने फसल विविधीकरण पर जोर दिया है। धान की खेती के साथ दलहन, तिलहन और मिलेट्स की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कृषि विभाग की उपलब्धियों और किसानों के हित में लिए गए फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धान के बदले दूसरी फसल लेने वाले किसानों को अब प्रति एकड़ 15 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

धान पर प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि राज्य सरकार किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का निर्णय ले चुकी है। इसके साथ ही कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि मिलेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान अपने पंजीकृत रकबे के अनुसार निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी उसे पूरे पंजीकृत रकबे के आधार पर प्रोत्साहन राशि का लाभ दिया जाएगा।

धान छोड़ दूसरी फसल लेने पर 15 हजार रुपए

सरकार किसानों को धान की पारंपरिक खेती के साथ दूसरी फसलों की ओर आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन राशि बढ़ा रही है। कृषि मंत्री के मुताबिक, पहले धान के बदले दूसरी फसल लेने पर 11 हजार रुपए प्रति एकड़ दिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 15 हजार रुपए कर दिया गया है।

वहीं, दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 10 हजार रुपए की सहायता मिलेगी। सरकार का उद्देश्य खेती की लागत और जोखिम को ध्यान में रखते हुए किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करना है।

कृषक उन्नति योजना से 25 लाख से अधिक किसानों को लाभ

कृषि मंत्री ने बताया कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ 2023 से खरीफ 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपए का भुगतान किया जा चुका है। योजना के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

दलहन-तिलहन की MSP पर होगी खरीदी

किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत दलहन और तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की जाएगी।

खरीफ 2026 के लिए प्रमुख फसलों का MSP इस प्रकार निर्धारित किया गया है:

  • अरहर : 8,450 रुपए प्रति क्विंटल
  • सोयाबीन : 5,708 रुपए प्रति क्विंटल
  • उड़द : 8,200 रुपए प्रति क्विंटल

वहीं, रबी सीजन 2026-27 के लिए चना का MSP 5,958 रुपए, मसूर का 7,390 रुपए और सरसों का 6,613 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है।

24,257 किसानों से खरीदा गया 3.54 लाख क्विंटल चना

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि वर्ष 2025-26 में प्रदेश के 29 जिलों के 273 खरीदी केंद्रों के माध्यम से 3.72 लाख क्विंटल से अधिक दलहन-तिलहन की खरीदी की गई।

प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत 24,257 किसानों से 3.54 लाख क्विंटल चना खरीदा गया। इसके एवज में किसानों को 207.59 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया है।

15 दिसंबर से शुरू होगी कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी

छत्तीसगढ़ में श्री अन्न यानी मिलेट्स की खेती को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने खरीदी की तैयारी पूरी कर ली है। कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश में 15 दिसंबर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी की जाएगी।

मार्कफेड के माध्यम से इन फसलों की खरीदी कर किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराया जाएगा। रागी की खरीदी केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित MSP पर होगी, जबकि कोदो और कुटकी की खरीदी राज्य सरकार द्वारा तय दरों पर की जाएगी।

फसल विविधीकरण से किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। इसके लिए धान के अलावा दलहन, तिलहन, मक्का और मिलेट्स की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है।

इस दौरान कृषि उत्पादन आयुक्त (APC) सिद्धार्थ कोमल परदेशी भी मौजूद रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, समर्थन मूल्य पर खरीदी और किसानों को मिल रहे आर्थिक लाभों की जानकारी साझा की गई।

Related Posts

बोहरा समाज शांति प्रिय, व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी और देशभक्तसमाज है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल…

बेमेतरा में घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला, 2 नाबालिग समेत 10 आरोपी गिरफ्तार, 8 का निकाला पैदल मार्च

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में घर में घुसकर धारदार हथियारों से मारपीट…

महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद CBI की बड़ी कार्रवाई, मोहित सोमानी के घर दी दबिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच…

1 of 505