Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद CBI की बड़ी कार्रवाई, मोहित सोमानी के घर दी दबिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने अपनी जांच तेज कर दी है। सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी और भारत वापसी के बाद जांच एजेंसी लगातार नए ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को CBI की करीब छह सदस्यीय टीम ने रायपुर की समता कॉलोनी स्थित आरोपी मोहित सोमानी के घर दबिश दी और जांच-पड़ताल की।

मोहित सोमानी का नाम महादेव सट्टा सिंडिकेट में ऑपरेटर के तौर पर सामने आया है। बताया जाता है कि वह महादेव 364 पैनल का संचालन करता था। CBI की इस कार्रवाई को सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के बाद जांच के अहम कदम के रूप में देखा जा रहा है।

कोलकाता से गिरफ्तार हुआ था मोहित सोमानी

महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े मोहित सोमानी को नवंबर 2024 में रायपुर पुलिस ने कोलकाता के न्यू टाउन इलाके से गिरफ्तार किया था। जांच में उसका नाम महादेव 364 पैनल के संचालन से जुड़ा बताया गया है। फिलहाल उसके रायगढ़ जेल में बंद होने की जानकारी सामने आई है।

शुक्रवार को CBI की टीम उसके समता कॉलोनी स्थित आवास पहुंची। टीम ने वहां करीब छह सदस्यों के साथ पहुंचकर आवश्यक जांच-पड़ताल की। हालांकि, कार्रवाई के दौरान क्या-क्या दस्तावेज या साक्ष्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी के बाद तेज हुई जांच

महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाए जाने के बाद CBI ने उससे पूछताछ की थी। आठ दिन की CBI कस्टडी पूरी होने के बाद 12 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत ने उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

इसके बाद जांच एजेंसी ने महादेव सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और उनके ठिकानों पर अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। मोहित सोमानी के घर दी गई दबिश को इसी जांच से जोड़कर देखा जा रहा है।

आज ED कोर्ट में पेशी, रिमांड की तैयारी

दूसरी ओर, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई भी आगे बढ़ रही है। CBI अदालत से न्यायिक हिरासत मिलने के बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उसकी पेशी के लिए प्रोडक्शन वारंट हासिल किया है।

13 नवंबर को सुबह 11 बजे PMLA कोर्ट में उसकी पेशी प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस दौरान ED उसकी गिरफ्तारी दर्ज कर कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है।

महादेव नेटवर्क के कई राज खुलने की उम्मीद

सौरभ चंद्राकर से पूछताछ और मोहित सोमानी के घर CBI की दबिश के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है। जांच एजेंसियां कथित सट्टा नेटवर्क के संचालन, पैनल के जरिए होने वाले लेनदेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और अहम खुलासे हो सकते हैं।

Related Posts

बोहरा समाज शांति प्रिय, व्यापारिक गतिविधियों में अग्रणी और देशभक्तसमाज है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में बोहरा समाज के धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल…

बेमेतरा में घर में घुसकर धारदार हथियारों से हमला, 2 नाबालिग समेत 10 आरोपी गिरफ्तार, 8 का निकाला पैदल मार्च

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में घर में घुसकर धारदार हथियारों से मारपीट…

1 of 505