रायपुर। कांग्रेस के आरोपों पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा बयान देते हुए कांग्रेस पर परिवारवाद और नामकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने देश की योजनाओं और संपत्तियों को परिवार विशेष के नाम पर सीमित कर दिया है।
सीएम साय ने कहा कि देश और प्रदेश में कई योजनाएं, संस्थान और स्थान व्यक्तिगत और परिवार के नाम पर रखे गए हैं, जिनमें जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, राहुल गांधी, सोनिया गांधी सहित अन्य गांधी परिवार के नाम शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी के नाम पर न तो कोई सड़क है, न हवाई अड्डा और न ही कोई बड़ी सरकारी योजना। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले ही महात्मा गांधी को छोड़ दिया है।
सीएम विष्णुदेव साय ने महात्मा गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि गांधी जी ने वर्ष 1948 में कहा था कि कांग्रेस का गठन देश को आज़ाद कराने के उद्देश्य से हुआ था। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी ने अपने अंतिम समय में “हे राम” कहा था, जो उनके विचारों और आस्था को दर्शाता है।









