बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में शुक्रवार को प्रशासन द्वारा बुलडोजर एक्शन चलाया गया। शहर के न्यू बस स्टैंड के पीछे बने 75 अवैध मकानों को हटाने के लिए बुलडोजर लगाए गए हैं। खबर लिखे जाने तक करीब 20 मकानों को ढहाया जा चुका है, जबकि शेष पर कार्रवाई लगातार जारी है।
मौके पर भारी पुलिस बल तैनात
कार्रवाई के दौरान नगरपालिका बीजापुर, तहसील प्रशासन और पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लिया गया है। किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।
ग्रामीणों की मोहलत की मांग
कार्रवाई से प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से दो दिन की मोहलत देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्ष 2022 से यहां मकान बनाकर रह रहे हैं। उनका आरोप है कि कार्रवाई से पहले न तो कोई मुनादी कराई गई और न ही उन्हें नोटिस मिला। अचानक बुलडोजर पहुंचने से उन्हें जरूरी सामान निकालने का भी मौका नहीं मिल पाया।
प्रशासन का पक्ष
वहीं मुख्य नगरपालिका अधिकारी बी.एल. नुरेटी और तहसीलदार पंचराम सलामे ने बताया कि अवैध अतिक्रमण को लेकर दो बार नोटिस जारी किया गया था, लेकिन तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी कारण नियमों के तहत यह कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस अभियान में कुल 75 अवैध मकान शामिल हैं।










