फरसगांव: छत्तीसगढ़ के फरसगांव से एक हैरान करने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बांस लेकर नीराछिंदली की ओर जा रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर की ट्रॉली के नीचे दबने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
केशकाल थाना क्षेत्र में हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बटराली की है। ट्रैक्टर में बांस लोड कर ले जाया जा रहा था। रास्ते में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर गड्ढे में जा गिरा, जिससे ट्रॉली के नीचे दबकर दो युवकों की जान चली गई।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जेसीबी से निकाले गए शव
ट्रैक्टर के नीचे दबे शवों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।










