भिलाई: भिलाई-3 स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग मैनेजमेंट कॉलेज में चल रही जेईई मेन्स परीक्षा में एक छात्र cheating करते हुए पकड़ाया गया। आरोपी छात्र आदित्य कुमार ने अपनी चप्पल के अंदर मोबाइल छिपाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के कारण वह पकड़ा गया।
कैसे पकड़ा गया आरोपी
परीक्षा की पहली पाली गुरुवार सुबह शुरू हुई। आदित्य कुमार सुबह 8:25 बजे परीक्षा केंद्र पहुंचा और मुख्य गेट पर सुरक्षा जांच से बचने के लिए अपनी चप्पल पहले ही उतार दी। इसके बाद वह लैब नंबर 12ए में अपनी सीट पर बैठ गया और पेपर हल करने लगा।
वॉशरूम से लौटते समय हुआ खुलासा
सुबह करीब 11:08 बजे, आदित्य ने वॉशरूम जाने के लिए बायो-ब्रेक लिया और लगभग 20 मिनट बाद लौटा। लौटने के बाद गार्ड ओमेंद्र कुमार ने उसकी हरकतों पर शक किया। आदित्य अपनी चप्पलों को जमीन पर घसीटते हुए अजीब तरह से चल रहा था। जब गार्ड ने चप्पलें चेक कीं, तो उनमें मोबाइल मिला। छात्र ने चप्पल के तलवे में विशेष जगह बनाकर मोबाइल छिपा रखा था।
पुलिस को सौंपा गया
घटना की सूचना तुरंत कॉलेज प्रशासन और एनटीए अधिकारियों को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को हिरासत में लेकर भिलाई-3 थाना ले गई। मोबाइल जब्त कर छात्र के खिलाफ छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
कॉलेज प्रशासन का बयान
कॉलेज प्रशासन ने कहा कि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।










