Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: सालों बाद एक ही गाड़ी में दिखे भूपेश-सिंहदेव, बोले- “एक थे, एक हैं और एक रहेंगे”

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के राजनीतिक गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। सालों से जिन दो दिग्गजों के बीच मतभेदों की खबरें हवा में तैर रही थीं, वे न सिर्फ एक साथ नजर आए, बल्कि उनके बीच की ट्यूनिंग ने विरोधियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। मौका था सूरजपुर के विश्रामपुर में कांग्रेस के बड़े प्रदर्शन का, जहां पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव खुद गाड़ी ड्राइव कर रहे थे और उनके बगल वाली फ्रंट सीट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मुस्कुराते हुए बैठे थे।

साल 2018 के विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला मौका है जब दोनों नेता इस अंदाज में साथ दिखे हैं। इस तस्वीर के सामने आते ही प्रदेश की राजनीति गरमा गई है।


क्यों धरने पर बैठी है कांग्रेस?

यह पूरा सियासी घटनाक्रम नगर पंचायत शिवनंदनपुर में एक कांग्रेस नेता पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई किए जाने के विरोध में शुरू हुआ। विश्रामपुर थाने के सामने कांग्रेस पिछले 36 घंटों से ज्यादा समय से डटी हुई है।

  • भूख हड़ताल पर दिग्गज: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC चीफ) दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टी.एस. सिंहदेव खुद आमरण अनशन पर बैठ गए हैं।
  • क्रमिक अनशन: इनके साथ 5 अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता पिछले कई घंटों से क्रमिक भूख हड़ताल पर हैं।
  • आंशिक जीत: कांग्रेस नेता नरेंद्र जैन की पत्नी के आवेदन पर पुलिस ने भी अब एक एफआईआर दर्ज की है, जिसे कांग्रेस ने अपनी ‘आंशिक जीत’ बताया है। हालांकि, दो मुख्य मांगों पर पेंच अब भी फंसा हुआ है।

मंच से विरोधियों और मीडिया को करारा जवाब

धरना स्थल पर जब भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव एक साथ मंच पर आए, तो कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। दोनों नेताओं ने चुटकी लेते हुए विश्रामपुर पुलिस और प्रशासन का आभार जताया कि “उन्हीं की बदौलत आज वे दोनों एक मंच पर साथ आए हैं।”

मीडिया में चल रही मनमुटाव की खबरों को खारिज करते हुए दोनों नेताओं ने दो टूक कहा:

“हम पहले भी एक थे, आज भी एक हैं और आगे भी एक ही रहेंगे।”

“हम हमेशा साथ हैं। समय और परिस्थितियां हमें अलग-अलग कामों में व्यस्त रखती हैं, इसलिए हर समय साथ नहीं दिखते। हमारे बीच आपस में बातचीत होती रहती है, जो सार्वजनिक या मीडिया में नहीं आती, लेकिन संवाद हमेशा कायम रहता है।” — टी.एस. सिंहदेव, पूर्व उपमुख्यमंत्री


मिशन 2028 का शंखनाद!

इस प्रदर्शन और एकजुटता के जरिए कांग्रेस ने अपने कार्यकर्ताओं को बहुत बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। मंच से दोनों नेताओं ने हुंकार भरते हुए कहा कि वे वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में मिलकर काम करेंगे, पूरी ताकत से चुनाव लड़ेंगे और छत्तीसगढ़ में फिर से कांग्रेस की सरकार बनाएंगे।

सालों बाद ‘जय-वीरू’ की इस जोड़ी को वापस एक साथ देखकर कांग्रेस कैंप में भारी उत्साह है, वहीं भाजपा खेमे में इस नई एकजुटता को लेकर रणनीतियां बननी शुरू हो गई हैं।

Related Posts

बलौदाबाजार में आवारा कुत्ते का आतंक: एक ही गांव के 8 बच्चों को बनाया शिकार, एक की हालत गंभीर; ग्रामीणों में दहशत

बलौदाबाजार जिले के लवन तहसील अंतर्गत ग्राम लक्ष्नपुर में एक आक्रामक आवारा कुत्ते…

1 of 464