रायपुर। दुर्ग जिले के भाजपा नेता विनायक ताम्रकर पर पार्टी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया है। अफीम की अवैध खेती करते पकड़े जाने के मामले में पार्टी की छवि धूमिल होने पर यह निर्णय लिया गया है।
जानकारी के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मारकण्डेय ने निलंबन आदेश जारी करते हुए विनायक ताम्रकर को तत्काल प्रभाव से पार्टी से सस्पेंड कर दिया है।
बताया जा रहा है कि विनायक ताम्रकर भाजपा किसान मोर्चा में राइस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प के प्रदेश संयोजक के पद पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में उनके खिलाफ अफीम की खेती करने का मामला सामने आने के बाद पार्टी ने इसे गंभीरता से लेते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि संगठन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के चलते विनायक ताम्रकर को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया गया है।
मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। वहीं पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि कानून और संगठनात्मक अनुशासन के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।











