धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक किराए के मकान में चल रही संदिग्ध गतिविधियों का मामला सामने आया है। शहर के नंदा हॉस्पिटल गली स्थित एक मकान में कॉलोनीवासियों की सूचना पर तीन युवक और दो युवतियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों को लंबे समय से उक्त मकान में संदिग्ध गतिविधियों की आशंका थी। इसी बीच कॉलोनीवासियों ने सतर्कता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी और मौके पर पहुंचकर मकान में मौजूद तीन युवक और दो युवतियों को पकड़ लिया। इसके बाद सभी को सिटी कोतवाली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मौके से कुछ अन्य लोग भागने में भी सफल हो गए।
घटना के बाद बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी सिटी कोतवाली थाने पहुंच गए और मामले में उचित कार्रवाई की मांग करने लगे। फिलहाल पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मकान में किस प्रकार की गतिविधियां चल रही थीं।










