शिवरीनारायण। जांजगीर-चांपा जिले की पावन धार्मिक नगरी शिवरीनारायण में तीन दिवसीय शिवरीनारायण महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री साय ने खरौद स्थित लक्ष्मणेश्वर कॉलेज मैदान के हेलीपैड पर पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से शिवरीनारायण पहुंचकर भगवान नर-नारायण और भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री महानदी तट पर आयोजित भव्य गंगा आरती में शामिल हुए। मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर उन्होंने मां गंगा का आशीर्वाद लिया।
दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मेला ग्राउंड में आयोजित शिवरीनारायण महोत्सव का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। 14 से 16 अक्टूबर तक आयोजित इस महोत्सव में क्षेत्र की धार्मिक परंपराओं, लोक संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिल रही है। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और नगरवासियों में उत्साह का माहौल रहा।
कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, वित्त मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी, राजेश्री महंत रामसुंदर दास महाराज, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नारायण चंदेल, सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमलादेवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक रंगों से सजे इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी देखने को मिली। शिवरीनारायण महोत्सव क्षेत्र की परंपराओं, लोक कलाओं और धार्मिक महत्व को सामने लाने का अवसर बना।










