Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सुशासन तिहार में CM साय का बड़ा एक्शन, खाद वितरण गड़बड़ी पर 2 अधिकारी निलंबित

विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान सूरजपुर, कोरिया और एमसीबी जिले का औचक दौरा कर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिविरों में ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की और उनकी समस्याएं धैर्यपूर्वक सुनीं।

तीनों जिलों के दौरे के बाद मुख्यमंत्री ने चिरमिरी में अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक के दौरान पेयजल समस्या, स्कूलों के खराब परीक्षा परिणाम और खाद वितरण में गड़बड़ी को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। कोरिया जिले में किसानों को खाद वितरण में अनियमितता सामने आने पर सहायक आयुक्त एवं सहायक पंजीयक सहकारी संस्थाएं आयुष प्रताप सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री का एक अलग ही मानवीय चेहरा सूरजपुर जिले के ग्राम रामपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में देखने को मिला। यहां उन्होंने ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की, तेंदूपत्ता संग्राहक महिलाओं को अपने हाथों से चरण पादुका पहनाई, बच्चों का अन्नप्राशन कराया और उनका नामकरण भी किया। वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक लापरवाही पर उनका सख्त रवैया भी देखने को मिला।

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में पेयजल संकट है, वहां टैंकरों के जरिए नियमित पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने साफ कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर संबंधित कलेक्टर सीधे जिम्मेदार होंगे।

स्कूलों के कमजोर परीक्षा परिणाम पर भी मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए आगामी शिक्षा सत्र के लिए बेहतर कार्ययोजना तैयार करने और स्कूलों में पढ़ाई की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है ताकि परीक्षा परिणामों में सुधार लाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से पहले सभी पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई और क्लोरिनेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों को रोका जा सके।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी तरह की गड़बड़ी या हितग्राहियों को परेशानी होने पर संबंधित कलेक्टर जिम्मेदार माने जाएंगे।

चिरमिरी स्थित एसईसीएल के तानसेन भवन में आयोजित इस वर्चुअल समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक भईया लाल राजवाड़े, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, आयुक्त जनसंपर्क रजत बंसल सहित तीनों जिलों के कलेक्टर, एसपी, डीएफओ और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Posts

 युवाओं को ‘जॉब सीकर’ नहीं, ‘जॉब क्रिएटर’ बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय वर्ल्ड लीडर्स…

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से की नई दिल्ली में सौजन्य भेंट

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री…

1 of 458