बेंगलुरु: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर रियल एस्टेट कंपनी ‘कॉन्फिडेंट ग्रुप’ (Confident Group) के चेयरमैन सी.जे. रॉय (CJ Roy) ने शुक्रवार को अपने दफ्तर में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सनसनीखेज बात यह है कि जिस वक्त उन्होंने यह कदम उठाया, उस समय उनके ठिकानों पर आयकर विभाग (Income Tax) की छापेमारी चल रही थी।
दफ्तर में चल रही थी IT फाइलों की जांच
पुलिस के मुताबिक, यह घटना दोपहर करीब 3:15 बजे रिचमंड सर्कल के पास स्थित कंपनी के मुख्यालय में हुई। पिछले तीन दिनों से आयकर विभाग की टीमें रॉय के विभिन्न ठिकानों पर तलाशी ले रही थीं। शुक्रवार को जब अधिकारी ऑफिस में दस्तावेजों की छानबीन कर रहे थे, तभी रॉय ने खुद को गोली मार ली। घटना के तुरंत बाद आयकर अधिकारी मौके से रवाना हो गए।
परिजनों का आरोप: IT छापेमारी ने बनाया दबाव
सी.जे. रॉय के भाई ने इस घटना के पीछे सीधे तौर पर आयकर विभाग की कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा:
“उन्हें इनकम टैक्स के मुद्दे के अलावा कोई और समस्या नहीं थी। उन पर न तो कोई कर्ज था और न ही उन्हें कोई धमकी मिली थी। मुझे नहीं पता कि पूछताछ के दौरान अंदर क्या हुआ, लेकिन सच सामने आना चाहिए।”
डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने दिए हाई-लेवल जांच के आदेश
इस हाई-प्रोफाइल मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज कर दी है। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ‘हाई-लेवल’ जांच के आदेश दिए हैं। शिवकुमार ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि मौत की असल वजह सामने आए। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान ही रॉय ने आत्महत्या जैसा आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस जांच के दायरे में IT अधिकारी?
बेंगलुरु पुलिस ने मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस टीम ऑफिस कैंपस से डिजिटल सबूत और सीसीटीवी फुटेज जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे आयकर विभाग से भी पूछताछ करेंगे और यह जानने की कोशिश करेंगे कि क्या पूछताछ के दौरान किसी तरह का मानसिक दबाव बनाया गया था।










