Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

CG NEWS: किसान की सालभर की मेहनत मिनटों में राख; पचपेड़ी में शॉर्ट सर्किट से डेढ़ एकड़ खड़ी फसल जलकर खाक

कुरुद/भखारा | छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भखारा तहसील के ग्राम पचपेड़ी में एक किसान की आँखों के सामने उसकी सालभर की मेहनत आग की लपटों में विलीन हो गई। जिस फसल को काटने के लिए किसान हार्वेस्टर का इंतजार कर रहा था, वह चंद मिनटों में शॉर्ट सर्किट की भेंट चढ़ गई।

हार्वेस्टर आने वाला था, तभी हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, ग्राम पचपेड़ी निवासी किसान मनीष कुमार साहू अपनी मां उर्वशी साहू के साथ शनिवार सुबह अपने खेत (मछलीमार खार) पहुंचे थे। फसल पूरी तरह पककर सुनहरी हो चुकी थी। सुबह 10 बजे तक मनीष ने खेत की मेड़ों और किनारों की सफाई की ताकि हार्वेस्टर मशीन आसानी से खेत में उतर सके। काम निपटाकर मनीष दोपहर का भोजन करने घर गए थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

पक्षियों के कारण हुआ शॉर्ट सर्किट?

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खेत के ऊपर से हाईटेंशन बिजली की लाइन गुजरी है। बताया जा रहा है कि बिजली के तार पर एक पक्षी बैठा, जिससे तारों के बीच शॉर्ट सर्किट (स्पार्क) हुआ। तारों से निकली चिंगारी नीचे खड़ी सूखी फसल पर गिरी और तेज गर्मी व हवा के कारण देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

ग्रामीणों ने दिखाया साहस, पर नहीं बची फसल

आग की लपटें उठती देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। ग्रामीणों ने तत्काल पास के नलकूप से पानी की व्यवस्था की और पेड़ों की टहनियों से आग पीटना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक मनीष साहू की डेढ़ से पौने दो एकड़ में लगी धान की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई थी।

लाखों का नुकसान, किसान ने लगाई मदद की गुहार

पीड़ित किसान मनीष ने रुआंसे स्वर में बताया कि उसने भारी कर्ज लेकर और दिन-रात एक कर यह फसल तैयार की थी। इस अग्निकांड में उसे 1 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ है। मनीष का कहना है कि अब उसके सामने परिवार के भरण-पोषण और कर्ज चुकाने का संकट खड़ा हो गया है।

पीड़ित किसान ने प्रशासन और राजस्व विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे (पंचनामा) कराया जाए और उसे उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।


Related Posts

1 of 305