Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बलरामपुर में दर्दनाक हादसा: नदी में डूबने से दो मासूमों की मौत, गांव में पसरा मातम

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सामरी पाठ थाना क्षेत्र के भुताही गांव में नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नहाने के दौरान गहरे पानी में डूबे बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, 6 साल और 5 साल के दो बच्चे नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान वे अनजाने में गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों को जब तक इस घटना की जानकारी मिली, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
ग्रामीणों ने तत्काल बच्चों को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


सरगुजा में भी ऐसा ही हादसा, मामा-भांजी की डूबने से मौत

वहीं हाल ही में सरगुजा जिले में भी एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। घुनघुट्टा नदी में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालिका की डूबने से जान चली गई। उसे बचाने के लिए नदी में कूदे उसके मामा की भी डूबने से मौत हो गई।

भांजी को बचाने कूदा मामा, दोनों की गई जान
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर निवासी 12 वर्षीय सिन्नी सोनी गर्मी की छुट्टियों में अपने घर आई हुई थी। परिवार के साथ घूमने गई सिन्नी शाम के समय नदी में नहाने उतरी, तभी वह गहरे पानी में फंस गई। उसे डूबता देख मामा विनीत सोनी उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों ही पानी में समा गए।

ग्रामीणों ने निकाले शव, परिवार में मातम
मौके पर मौजूद लोगों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

सावधानी जरूरी
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाएं यह संकेत देती हैं कि गर्मी के मौसम में नदी-तालाब में नहाते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, खासकर बच्चों को अकेले पानी के पास नहीं जाने देना चाहिए।

Related Posts

CG NEWS: किसान की सालभर की मेहनत मिनटों में राख; पचपेड़ी में शॉर्ट सर्किट से डेढ़ एकड़ खड़ी फसल जलकर खाक

कुरुद/भखारा | छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। भखारा…

1 of 305