Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

बिलासपुर में नशे में धुत आरक्षक का हाई वोल्टेज ड्रामा, थाने में भाई पर तानी एसएलआर

बिलासपुर। खाकी वर्दी को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक आरक्षक ने मामूली पारिवारिक विवाद के बाद शराब के नशे में अपने ही बड़े भाई पर एसएलआर गन तान दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

शिकायत करने पहुंचे भाई को दी धमकी
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात आरक्षक विष्णु चंद्रा ने ड्यूटी के दौरान शराब पी और अपने दोस्त के साथ मिलकर मोबाइल पर अपने बड़े भाई भुवन चंद्रा को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इससे आहत होकर उसका भाई सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा।

थाने पहुंचकर मचाया हंगामा
भाई के थाने पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरक्षक विष्णु चंद्रा गश्त ड्यूटी छोड़कर आधी रात को थाने आ पहुंचा। उसने अपने भाई को शिकायत वापस लेने के लिए धमकाया। इस दौरान वह इतना उग्र हो गया कि थाने में ही हंगामा करने लगा।

लोडेड गन से फायर का प्रयास
नशे में चूर आरक्षक ने गश्त ड्यूटी के दौरान मिली एसएलआर गन को लोड कर अपने भाई पर तान दी और फायर करने की कोशिश की। स्थिति को भांपते हुए थाने के स्टाफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उससे गन छीनी और गोली अनलोड कर दी।

पुलिस की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने आरक्षक को हिरासत में लेकर उसका मुलाहिजा कराया और गन जब्त कर ली। थाने में हुआ यह पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। समय रहते हस्तक्षेप होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

जांच जारी, टीआई ने दी जानकारी
सिविल लाइन थाना के टीआई एसआर साहू ने बताया कि भाई गाली-गलौज की शिकायत लेकर थाने पहुंचा था, जिसके बाद दोनों के बीच बहस हुई। हालांकि गन तानने की बात की पुष्टि नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

दो दिन पहले ही हुई थी बहाली
बताया जा रहा है कि आरक्षक को नशे की लत है और पूर्व में भी निलंबन के दौरान उसने पुलिस क्वार्टर में हंगामा किया था। 27 अप्रैल को उसकी बहाली हुई थी, लेकिन महज दो दिन बाद ही उसने इस तरह की गंभीर घटना को अंजाम दे दिया।

Related Posts

युवा अपने हौसलों को मजबूत करें और लक्ष्य हासिल करने निरंतर प्रयास करें : वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ द्वारा गुरुवार को जिला…

1 of 454