कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो थाना क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ग्राम नामलेपरा में मामूली विवाद के बाद बड़े भाई ने गुस्से में आकर अपने छोटे भाई पर टांगी (कुल्हाड़ी) से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से लगे जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जानिए पूरा घटनाक्रम
- भोजन के दौरान हुआ विवाद: मृतक मथुरा धनवार (42 वर्ष) अपनी पत्नी प्रमिला के साथ अपने बड़े भाई कैलाश धनवार (45 वर्ष) के घर खाना खाने गया था।
- बात इतनी सी थी: खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में चला गया और अपनी पत्नी को घर लौटने के लिए बार-बार आवाज देने लगा। पत्नी को आने में देर हुई, तो वह लगातार उसे बुलाता रहा।
- आवेश में आकर उठाया कदम: मथुरा का अपनी पत्नी को बार-बार बुलाना बड़े भाई कैलाश को नागवार गुजरा। दोनों में बहस हुई और गुस्से में कैलाश ने घर में रखी टांगी से मथुरा के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
अस्पताल ले जाते समय मौत, आरोपी की तलाश में पुलिस
- एंबुलेंस से पहुंचाया अस्पताल: गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान मथुरा को परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पौड़ी उपरोड़ा ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- सबूत जब्त, मामला दर्ज: बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और आला-ए-कत्ल (खून से सनी टांगी) जब्त कर ली।
पुलिस की कार्रवाई: मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कैलाश धनवार के खिलाफ हत्या (धारा 103 BNS) का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जंगल और आसपास के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।








