Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सूरजपुर में हाथी का कहर: युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का चक्का जाम

सूरजपुर: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के कल्याणपुर गांव में एक दर्दनाक घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। हाथी के हमले में एक युवक की मौत से आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे इलाके में घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

घर लौटते वक्त हुआ हमला

जानकारी के मुताबिक, कोटबहरा निवासी केशव राम बुधवार देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया। हाथी ने उन पर हमला कर उन्हें बुरी तरह कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

वन विभाग पर लापरवाही का आरोप

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम किया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

कई घंटों तक चला हंगामा

ग्रामीण मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग पर अड़े रहे। प्रशासन की समझाइश के बावजूद कई घंटों तक प्रदर्शन जारी रहा।

प्रशासन के आश्वासन के बाद खुला जाम

स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम शिवानी जायसवाल मौके पर पहुंचीं। प्रशासन की ओर से मृतक की पत्नी को वन विकास समिति के तहत नौकरी, तत्काल सहायता राशि और 6 लाख रुपये मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम खोल दिया।

Related Posts

1 of 277