Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

रायगढ़ में हाथी का आतंक: मासूम बच्चे को बचाते हुए माँ ने गंवाई जान, घायल मां के पास रोता मिला मासूम,

रायगढ़: छत्तीसगढ़ के वनांचल क्षेत्रों में मानव-हाथी द्वंद्व थमने का नाम नहीं ले रहा है। रायगढ़ जिले के कापू वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले तालगांव बस्ती में शनिवार सुबह हाथी के हमले से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब महिला अपने मासूम बच्चे की जान बचाने के लिए भाग रही थी। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

तड़के सुबह 4 बजे बस्ती में घुसा दंतैल, मची अफरा-तफरी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे, जब ग्रामीण गहरी नींद में थे, तभी एक विशालकाय दंतैल हाथी अचानक तालगांव बस्ती के रिहायशी इलाके में दाखिल हो गया। हाथी की मौजूदगी और उसकी चिंघाड़ सुनकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। लोग अपनी जान बचाने के लिए आनन-फानन में घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

बच्चे की जान बचा ली, पर खुद को नहीं बचा सकी माँ

इसी अफरा-तफरी के बीच पीड़ित महिला भी अपने बच्चे को गोद में लेकर सुरक्षित स्थान की तलाश में भाग रही थी। तभी अचानक हाथी उसके बेहद करीब आ गया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। महिला ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बच्चे को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन वह खुद हाथी की चपेट में आ गई।

दिल दहला देने वाला मंजर:

घटना के बाद का दृश्य बेहद मार्मिक और दिल को झकझोर देने वाला था। जमीन पर लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल पड़ी माँ के पास उसका मासूम बच्चा बैठकर बिलख-बिलख कर रो रहा था। जिसने भी यह मंजर देखा, उसकी आंखें नम हो गईं।

अस्पताल में तोड़ा दम, वन विभाग की टीम पर भी हमला

ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल नजदीकी कापू अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन आंतरिक चोटें अधिक होने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

महिला को शिकार बनाने के बाद भी हाथी का गुस्सा शांत नहीं हुआ। सूचना पाकर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम पर भी उग्र हाथी ने हमला कर दिया और उनके सरकारी वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान वाहन में सवार वन कर्मी बाल-बाल बच गए।

इलाके में अलर्ट, निगरानी में जुटा वन अमला

घटना के बाद से वन विभाग की पूरी टीम तालगांव और आसपास के जंगलों में मुस्तैद है। विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर ग्रामीणों को जंगलों की तरफ न जाने और रात व तड़के सुबह विशेष सतर्कता बरतने की हिदायत दी गई है। वन अमला लगातार हाथी के मूवमेंट की निगरानी कर रहा है ताकि उसे आबादी वाले क्षेत्र से खदेड़ा जा सके।

Related Posts

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 24 जिलों के SP समेत कई IPS अधिकारियों के तबादले, अजय यादव राजनांदगांव के नए IG

रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कसावट को मजबूत…

1 of 416