Trendingछत्तीसगढबड़ी खबर

सरगुजा में ‘बाइकर्स गैंग’ पर पुलिस का बड़ा एक्शन: मैनपाट में हुड़दंग मचाने वालों पर FIR, एक ही दिन में 158 बाइकें जब्त; परिजनों को दी आखिरी चेतावनी

अम्बिकापुर: छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट और सरगुजा के शहरी इलाकों में अपनी तेज रफ्तार और हुड़दंग से आम जनता व पर्यटकों की नाक में दम करने वाले ‘बाइकर्स गैंग’ के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी दंडात्मक कार्रवाई की है। मैनपाट की खतरनाक घाटियों पर दर्जनों बाइकर्स द्वारा हुड़दंग मचाने का वीडियो सामने आने के बाद, सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने न सिर्फ आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है, बल्कि एक ही दिन में विशेष अभियान चलाकर 158 बाइकों को जब्त कर लिया है।

खतरनाक घाटियों पर मचा रहे थे उत्पात, वीडियो से हुई पहचान

दरअसल, सरगुजा जिले के प्राकृतिक पर्यटन स्थल मैनपाट में पिछले कुछ समय से बाइकर्स गैंग का आतंक चरम पर था। हाल ही में एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसमें दर्जनों की संख्या में हुड़दंगी युवक झुंड बनाकर मैनपाट के संवेदनशील और खतरनाक मोड़ पर स्टंट कर रहे थे और रास्ता जाम कर रहे थे। इस वजह से परिवार के साथ घूमने आए पर्यटकों को भारी दिक्कतों और असुरक्षा का सामना करना पड़ा था। इस वीडियो को संज्ञान में लेकर पुलिस अब डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान कर रही है।

चौतरफा घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा, अलग-अलग थानों में जब्ती

एसएसपी के आदेश पर शुक्रवार को सरगुजा यातायात पुलिस, कमलेश्वरपुर, दरिमा, मणीपुर और कोतवाली पुलिस ने मिलकर संयुक्त अभियान चलाया। प्रमुख रास्तों और चौक-चौराहों पर कड़े चेकिंग पॉइंट लगाकर हुड़दंगियों को घेराबंदी कर पकड़ा गया।

एक दिन में थानों द्वारा की गई कुल कार्रवाई:

  • यातायात शाखा: 50 वाहन जब्त
  • थाना कमलेश्वरपुर (मैनपाट): 55 वाहन जब्त
  • थाना दरिमा: 40 वाहन जब्त
  • थाना कोतवाली: 08 वाहन जब्त
  • थाना मणीपुर: 05 वाहन जब्त
  • कुल कार्रवाई: 158 वाहन

परिजनों को बुलाकर दी गई ‘अंतिम चेतावनी’

इस कार्रवाई के दौरान पकड़े गए बाइक चालकों में बड़ी संख्या में नाबालिग भी शामिल थे। पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए इन नाबालिगों के माता-पिता और परिजनों को थाने तलब किया। अधिकारियों ने परिजनों को कड़ी समझाइश दी और सख्त लहजे में ‘अंतिम चेतावनी’ दी कि यदि भविष्य में उनके बच्चे दोबारा सड़कों पर हुड़दंग या स्टंट करते पाए गए, तो सीधे जेल भेजने जैसी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हुड़दंगियों के खिलाफ पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों, विशेषकर पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी भी दर्शनीय स्थल, पिकनिक स्पॉट या मुख्य सड़कों पर बाइकर्स का समूह स्टंट करता, सड़क जाम करता या मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज निकालता मिले, तो तुरंत इसकी जानकारी दें।

यहाँ करें शिकायत:

आम जनता तत्काल सरगुजा पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9479193599 अथवा डायल 112 पर सूचना दर्ज करा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।

Related Posts

छत्तीसगढ़ के डिप्टी CM अरुण साव चोटिल, सिम्स अस्पताल में पैर पर बांधा गया कच्चा प्लास्टर; कार्यक्रम निरस्त

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के चोटिल होने की खबर सामने आई है।…

दुर्ग के गरबा पंडालों में गहने और पैसे मांगने का आरोप, 10 युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ; फिर छोड़ा

दुर्ग। जिले में गरबा और डांडिया पंडालों के दौरान श्रद्धालुओं से सोना-चांदी और…

छत्तीसगढ़ में बनेगा 1000 KM लंबा धार्मिक कॉरिडोर, 5 शक्तिपीठों को जोड़ने की तैयारी; बजट में 5 करोड़ का प्रावधान

रायपुर। उत्तराखंड के चारधाम की तर्ज पर अब छत्तीसगढ़ में भी धार्मिक पर्यटन को…

1 of 486