जांजगीर-चांपा। आस्था और विश्वास के नाम पर महिलाओं की अस्मत से खिलवाड़ करने वाले एक कथित ढोंगी बाबा को जांजगीर-चांपा की पामगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबा इलाज और चमत्कार का झांसा देकर महिलाओं को अपना शिकार बनाता था। पुलिस ने इस शातिर अपराधी को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
भक्ति की आड़ में दरिंदगी का खेल
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी स्वामी निर्मल उर्फ निर्मल बाबा (60 वर्ष), जो मूल रूप से नाशिक (महाराष्ट्र) का निवासी है, चैत्र नवरात्र के दौरान पदयात्रा करते हुए पामगढ़ पहुंचा था। यहाँ उसने खुद को चमत्कारी बाबा बताते हुए लोगों की समस्याएं दूर करने का दावा किया। पीड़िता अपनी सहेली के साथ बाबा से मिलने पहुंची थी, जहाँ आरोपी ने मीठी बातों से उसका विश्वास जीता और मोबाइल नंबर ले लिया। 26 मार्च को आरोपी ने महिला को प्रसाद देने के बहाने बुलाया और उसे बिलासपुर होते हुए मैहर (मध्य प्रदेश) ले गया। वहाँ एक होटल में इलाज करने का झांसा देकर उसके साथ बार-बार जबरदस्ती अनाचार किया। 1 अप्रैल को आरोपी पीड़िता को बिलासपुर स्टेशन के पास छोड़कर फरार हो गया।
सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग की हदें पार
पीड़िता के घर लौटने और बाबा का नंबर ब्लॉक करने के बाद आरोपी की दरिंदगी और बढ़ गई। उसने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाई और उस पर अश्लील फोटो पोस्ट कर दी। आरोपी लगातार पीड़िता को ब्लैकमेल कर परेशान करने लगा, जिसके बाद 11 अप्रैल को पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पामगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हिमाचल में दी दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पीछा किया और 21 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।










