दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में बुधवार सुबह एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई.आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिसके कारण वहां मौजूद कई लोग धुएं और लपटों के बीच फंस गए. हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 15 लोग घायल बताए जा रहे हैं. प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अब भी भीतर फंसे हो सकते हैं. बचाव अभियान लगातार जारी है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, अब तक 11 घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे की घटना है. तत्काल मौके पर अतिरिक्त फायर यूनिट्स भेजा गया. कुल 10 दमकल वाहनों ने आग बुझाने के अभियान में हिस्सा लिया. वहीं, इस हादसे का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है. वीडियो में कुछ लोग जान बचाने के लिए रेस्टोरेंट से कूदते दिखाई दे रहे हैं.
अधिकारियों के अनुसार, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत के भीतर रेस्क्यू अभियान अभी जारी है. बचाव दल हर हिस्से की जांच कर रहा है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई व्यक्ति अंदर फंसा न रह जाए. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है. आग शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण लगी या नहीं, इसकी जांच की जा रही है. प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए हैं.










