रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाँटांगाँव स्थित रिंग रोड पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार और ट्रक दोनों तेज गति से चल रहे थे। भाँटांगाँव के पास अचानक दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए सड़क पर फंसे वाहनों को निकालने की कार्रवाई शुरू की। इसके साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटवाया गया, जिसके बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका।
राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की है, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।










