रायपुर में 10 मई को होने वाले Royal Challengers Bengaluru और Mumbai Indians के महामुकाबले के लिए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाई-टेक बनाया गया है। टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए पहली बार M-Ticket सिस्टम लागू किया गया है, जिसके तहत दर्शकों को मैच वाले दिन ऐप में जनरेट होने वाले QR कोड से ही स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत ऑनलाइन टिकट में स्टेडियम का डिजिटल मैप भी उपलब्ध रहेगा। इसमें एंट्री गेट, पार्किंग, सीढ़ियां, मेडिकल सेंटर, एम्बुलेंस और दर्शकों की सीट तक पहुंचने का पूरा रास्ता दिखाया जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही इस बार सीट नंबर के अनुसार दर्शकों को बैठाया जाएगा और सीट पहले से रिजर्व रहेगी। ऐसे में देर से पहुंचने पर भी दर्शकों की सीट सुरक्षित रहेगी।
कालाबाजारी रोकने के लिए नया सिस्टम
रायपुर में बड़े मैचों के दौरान टिकटों की कालाबाजारी लंबे समय से समस्या रही है। नया M-Ticket सिस्टम सीधे दर्शक के मोबाइल नंबर और पहचान से जुड़ा होगा। आयोजकों का कहना है कि इससे केवल वास्तविक क्रिकेट प्रशंसकों को ही सही कीमत पर टिकट मिल सकेगी और फर्जी टिकट बेचने वालों पर रोक लगेगी।
इन नियमों का रखना होगा ध्यान
- M-Ticket को WhatsApp, ईमेल या स्क्रीनशॉट के जरिए शेयर नहीं किया जा सकेगा।
- टिकट केवल उसी अधिकृत ऐप पर मान्य होगी, जिससे इसे खरीदा गया है।
- जरूरत पड़ने पर टिकट केवल एक बार ऐप के जरिए ट्रांसफर की जा सकेगी। इसके बाद टिकट लॉक हो जाएगी।
- गेट पर QR कोड स्कैन होते ही टिकट “Used” मार्क हो जाएगी और दोबारा उपयोग नहीं हो सकेगा।
- स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद री-एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
- इंटरनेट और नेटवर्क की सुविधा के लिए स्टेडियम में विशेष इंतजाम किए गए हैं।
ऐसे मिलेगी स्टेडियम में एंट्री
- सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में RCB का आधिकारिक ऐप डाउनलोड करें।
- उसी मोबाइल नंबर से लॉग-इन करें, जिससे टिकट बुक की गई थी।
- OTP दर्ज करने के बाद टिकट की जानकारी ऐप में दिखाई देगी।
- सुरक्षा कारणों से QR कोड मैच वाले दिन ही जनरेट होगा।
- गेट पर इसी QR कोड को स्कैन करने के बाद दर्शकों को प्रवेश मिलेगा।










