छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नगर से लगे ग्राम नंदनमारा में तेंदुओं का एक जोड़ा नजर आया। नेशनल हाईवे के पास अचानक तेंदुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों और राहगीरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, तेंदुओं का यह जोड़ा भोजन की तलाश में गांव की ओर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मुर्गे और मछली के अपशिष्ट के कारण वे इस क्षेत्र में आकर्षित हुए। जैसे ही लोगों ने उन्हें देखा, राहगीरों ने इसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यह घटना कांकेर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नंदनमारा गांव की है, जहां पहले भी वन्यजीवों की आवाजाही होती रही है। हालांकि इस बार नेशनल हाईवे के पास तेंदुओं का दिखना लोगों की चिंता का कारण बन गया है।
वहीं, करीब एक महीने पहले पास के ठेलकाबोड़ गांव में भी तेंदुए की दहशत देखने को मिली थी। रात के समय गांव में घुसे तेंदुए ने एक मवेशी को अपना शिकार बनाने की कोशिश की थी, लेकिन ग्रामीणों ने शोर मचाकर उसे भगा दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पहले भी कई बार गांव में आ चुका है और मुर्गियों, कुत्तों समेत कई मवेशियों को अपना शिकार बना चुका है। लगातार बढ़ती सक्रियता के चलते गांव में भय का माहौल बना हुआ है। फिलहाल, ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में गश्त बढ़ाने और उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।










